रघुनाथगंज में स्कूटी सवार के पास से 30 लाख रुपये बरामद, आशिफ रहमान गिरफ्तार; बांग्लादेश कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
Paschim Bangal news (West Bengal)

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
फरक्का:- मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्कूटी सवार के पास से 30 लाख रुपये नकद बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया. भारी भरकम रकम के साथ पकड़े गये व्यक्ति के तार बांग्लादेश से जुड़े होने की आशंका जतायी जा रही है. पुलिस अब नकदी के स्रोत, उसके गंतव्य और इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय नेटवर्क की पड़ताल में जुट गयी है.
गुप्त सूचना पर घेराबंदी, स्कूटी सवार दबोचा गया
रघुनाथगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों के तहत भारी मात्रा में नकदी लेकर इलाके से गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही थाना के आईसी अभिजीत बोसु के नेतृत्व में पुलिस ने निगरानी तेज कर दी.
इसी दौरान देर रात ओपेक बस स्टैंड के पास टीवीएस स्कूटी से जा रहे तेघोरिया विश्वासपाड़ा निवासी आशिफ रहमान को पुलिस ने रोक लिया. पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी ली. थैले से 500 और 100 रुपये के नोटों में कुल 30 लाख रुपये नकद बरामद हुए. आरोपी के पास से दो स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किये गये.

बांग्लादेश भेजी जानी थी रकम,नेटवर्क की तलाश
रघुनाथगंज के एसडीपीओ लक्षण प्रताप चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बरामद रकम बांग्लादेश भेजने की योजना थी. हालांकि, रकम के स्रोत और इसके पीछे की वास्तविक मंशा अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड मांगी है. जांच में यह पता लगाने पर जोर है कि इतनी बड़ी रकम कहां से जुटायी गयी, इसे किसके पास पहुंचाया जाना था और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है. दो मोबाइल फोन की जांच से भी मामले की अहम कड़ियां सामने आने की उम्मीद है.
30 लाख रुपये की बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि यह महज नकदी की संदिग्ध आवाजाही है या इसके पीछे कोई बड़ा सीमा पार नेटवर्क काम कर रहा है.
![]()




