साहिबगंज के अमित कुमार पासवान का दक्षता पदक के लिए चयन, सारंडा अभियान में निभाई अहम भूमिका
सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान में अमित कुमार पासवान का अहम योगदान, केंद्रीय गृह मंत्रालय के दक्षता पदक के लिए चयन

रिपोर्ट : सोनू कुमार,
साहिबगंज : नक्सलियों के खिलाफ अभियान में साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले साहिबगंज के लाल अमित कुमार पासवान ने जिले का मान बढ़ाया है. सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले अमित अब केंद्रीय गृह मंत्रालय के दक्षता पदक से सम्मानित होंगे. गृह मंत्रालय की ओर से जारी चयन सूची में उनका नाम शामिल होने से साहिबगंज में खुशी की लहर है. नक्सल प्रभावित क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवा को मिले इस सम्मान ने जिले को गौरवान्वित किया है।
साहिबगंज जिला मुख्यालय के जयप्रकाश चौक स्थित गैस गोदाम क्षेत्र के मूल निवासी अमित कुमार पासवान वर्तमान में पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में तैनात हैं. वह जराइकेला थाना प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. नक्सलवाद के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें दक्षता पदक के लिए चुना गया है.

सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान में दिखायी कार्यकुशलता
केंद्रीय गृह मंत्रालय की चयन सूची के अनुसार, अमित कुमार पासवान का चयन सारंडा क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए किया गया है. इस अभियान में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नक्सली गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की थी. अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दक्षता पदक से सम्मानित किया जायेगा. अमित का चयन उनकी कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण को रेखांकित करता है.
बेटे की सफलता से मां गौरवान्वित, साहिबगंज में खुशी
अमित कुमार पासवान की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है. खासकर मां के लिए बेटे की यह सफलता गर्व का क्षण है. नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयनित होना परिवार के साथ-साथ पूरे साहिबगंज के लिए गौरव की बात है. जिले के लोगों ने भी अमित की उपलब्धि पर प्रसन्नता जतायी है. उनका कहना है कि अमित ने अपनी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से साहिबगंज का नाम रोशन किया है.
अमित रोशन कुल्लू समेत कई अन्य अधिकारियों का भी चयन
दक्षता पदक के लिए मनोहरपुर के पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, पूर्व डीएसपी जयदीप लकड़ा समेत कई अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों का भी चयन हुआ है. मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी है. इस सम्मान को पुलिस बल के समर्पण और नक्सल विरोधी अभियान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की पहचान के रूप में देखा जा रहा है.
![]()




