विद्यापति नगर में मां काली पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न, 8 नवंबर को होगी पूजा
जमशेदपुर के विद्यापति नगर में मां काली पूजा पंडाल का भूमि पूजन, 8 नवंबर को पूजा

जमशेदपुर। संवाददाता सोहन साह। विद्यापति नगर स्थित सिदगोड़ा काली पूजा मैदान में मां काली पूजा पंडाल निर्माण को लेकर भूमि पूजन वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा कमिटी एवं मां काली पूजा संकल्प सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पंडित ने विधिवत पूजा-अर्चना कर पंडाल निर्माण की शुरुआत कराई।
भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष शंभू गोराई, सनातन गोराई, बॉबी साह, आकाश रजक, सुजय घोष, रविन्द्र मोरिया, रोहित रजक और राजकुमार बर्मा सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष शंभू गोराई ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 8 नवंबर को मां काली की पूजा भव्य और आकर्षक रूप से आयोजित की जाएगी। पूजा के अगले दिन, 9 नवंबर को करीब पांच हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भोग) की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को बैठाकर प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन में जमशेदपुर के कई गणमान्य नागरिकों के साथ विभिन्न समाजों के लोग भी शामिल होंगे। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से पूजा आयोजन को श्रद्धा, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण में सफल बनाने की अपील की। साथ ही सभी से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया।
![]()





