बरहरवा के झिकटिया में चंदा वसूली विवाद पर बवाल, पुलिस टीम पर हमले के मामले में 51 आरोपी
बरहरवा और रांगा थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज, 36 नामजद और 15 अज्ञात सहित 51 आरोपी बनाए गए; एसडीपीओ ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

झिकटिया में चंदा वसूली विवाद के बाद बवाल, पुलिस टीम पर हमला और गश्ती वाहन में तोड़फोड़
बरहरवा। साहिबगंज जिले के बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के झिकटिया में ट्रकों से कथित जबरन चंदा वसूली को लेकर शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध और हमले का सामना करना पड़ा। आरोप है कि उग्र लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया तथा सरकारी गश्ती वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मामले में बरहरवा और रांगा थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों प्राथमिकी में 36 नामजद और 15 अज्ञात लोगों समेत कुल 51 आरोपियों का उल्लेख किया गया है।
जबरन चंदा वसूली की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात डायल 100 पर पुलिस को सूचना मिली कि बरहरवा-झिकटिया सड़क पर कुछ लोग जाम लगाकर गुजरने वाले ट्रकों से जबरन चंदा वसूल रहे हैं। इसी बात को लेकर सड़क पर विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। सूचना मिलने पर एएसआई रफीक अंसारी के नेतृत्व में बरहरवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ युवक उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े।

पुलिसकर्मियों से मारपीट, गश्ती वाहन क्षतिग्रस्त
स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। उपद्रवियों ने सरकारी गश्ती वाहन में भी तोड़फोड़ की। इस संबंध में एएसआई रफीक अंसारी की लिखित शिकायत पर बरहरवा थाना में 36 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मदद के लिए पहुंची रांगा पुलिस को भी घेरा
बरहरवा पुलिस टीम पर हमले और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की सूचना मिलने के बाद रांगा थाना की पुलिस सब इंस्पेक्टर अजीत लाकड़ा के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने रांगा पुलिस टीम को भी घेर लिया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इस मामले में सब इंस्पेक्टर अजीत लाकड़ा की शिकायत पर रांगा थाना में भी 36 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा,चार युवकों से पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने घटनास्थल से कथित चंदा वसूली में इस्तेमाल किया जा रहा एक रजिस्टर भी बरामद किया है। वहीं, घटना के दौरान चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
मामले की जांच जारी
एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि दोनों थानों में पुलिस पदाधिकारियों की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
![]()





