जाति प्रमाणपत्र में देरी पर डीसी सख्त,बोले- मतदाताओं की परेशानी तत्काल दूर करें
पाकुड़ में एसआईआर की जमीनी हकीकत परखने पहुंचीं मेघा भारद्वाज, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर

रिपोर्ट केशव तिवारी की रिपोर्ट,
पाकुड़ संवाददाता।: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। जाति प्रमाणपत्र बनवाने से लेकर जरूरी दस्तावेज जुटाने तक मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ काम करें। बुधवार को पाकुड़ सदर प्रखंड में एसआईआर कार्यों का जायजा लेने पहुंचीं जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने जाति प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे मतदाताओं से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने एसआईआर के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही जाति प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

दस्तावेजों के अभाव में न भटकें मतदाता
डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एसआईआर की प्रक्रिया में मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सही और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करायी जाए। प्रमाणपत्र बनाने में अनावश्यक देरी नहीं हो और आवेदकों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए जरूरी कदम उठाये जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पात्र मतदाताओं के नाम छूटने पर विशेष जोर
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने ईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ के साथ समीक्षा बैठक कर एसआईआर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मुजाहिद अंसारी, ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
![]()




