साहिबगंज की बेटी स्मृति मैरी किस्कू का राष्ट्रीय टीम में चयन, अब पुणे में दिखायेंगी दम
जमशेदपुर चयन शिविर में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम, 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का करेंगी प्रतिनिधित्व

अनिकेत कुमार सोनू की रिपोर्ट,
साहिबगंज : प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर साहिबगंज की बेटी स्मृति मैरी किस्कू ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्रा स्मृति का चयन 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए झारखंड टीम में हुआ है। महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह झारखंड की जर्सी में मैदान पर उतरेंगी। स्मृति की इस उपलब्धि से साहिबगंज का मान बढ़ा है और जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।
चयन शिविर में चमकी प्रतिभा,राष्ट्रीय टीम में बनाई जगह
स्मृति को यह मुकाम आसानी से नहीं मिला। झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से 16 से 23 अक्तूबर 2026 तक जमशेदपुर में आयोजित अंडर-16 चयन शिविर में उनके प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और बास्केटबॉल के प्रति समर्पण ने उन्हें राज्य की टीम में जगह दिलायी है। अब पुणे में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की चुनौती उनके सामने है।

स्कूल से जिला बास्केटबॉल संघ तक जश्न का माहौल
स्मृति की सफलता पर सेंट जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य रेवरेन्ड फादर अरुल डॉस ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जतायी। वहीं, साहिबगंज जिला बास्केटबॉल संघ के ओम प्रकाश, बेन जॉनसन, आदित्य राज ठाकुर, योगेश सर सहित अन्य प्रशिक्षकों और सदस्यों ने स्मृति को बधाई दी तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्मृति की उड़ान से जिले की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हौसला
स्मृति मैरी किस्कू का राष्ट्रीय टीम में चयन सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि साहिबगंज की खेल प्रतिभा के लिए भी बड़ी उपलब्धि है। उनकी कामयाबी जिले के उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो सीमित संसाधनों के बीच बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखते हैं। अब सभी की निगाहें पुणे में होने वाली प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां स्मृति से झारखंड के लिए शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
![]()



