
गोमिया में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, प्रशिक्षु युवतियों ने किया शानदार प्रदर्शन
गोमिया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गोमिया प्रखंड क्षेत्र में माहेर संस्था द्वारा संचालित नि:शुल्क ब्यूटीशियन सेंटर की प्रशिक्षिका कुमारी श्वेता के नेतृत्व में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। श्रृंगार कला के माध्यम से मां दुर्गा के स्वरूपों को जीवंत रूप देकर समाज के सामने प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए।

इस दौरान झांकी में शामिल प्रशिक्षु महिलाओं एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। झांकी साड़म बाजार, लरैयाटांड़ और बंगाली टोला स्थित दुर्गा मंदिरों में पहुंची। मंदिर समितियों ने सभी प्रतिभागियों का आदरपूर्वक स्वागत किया और सम्मानित किया। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में सजी युवतियों की झांकी को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों ने इस अनूठी पहल की सराहना की।

प्रशिक्षिका कुमारी श्वेता ने बताया कि मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को केवट टोला, साड़म की लड़कियों ने प्रस्तुत किया। इस आयोजन का उद्देश्य श्रृंगार कला के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना और युवतियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।
झांकी में निशा कुमारी, सोनाली कुमारी, पूनम कुमारी, रुबी कुमारी, सुषमा कुमारी, मेहर कुमारी, विद्या कुमारी, पम्मी कुमारी, माही कुमारी और बरखा कुमारी सहित अन्य प्रतिभागियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]()




