
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
साहिबगंज:- रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के नए महानिदेशक (DG) के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार की नियुक्ति से साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों और जवानों में उत्साह है। उनकी नई जिम्मेदारी के स्वागत में साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट पर डिजिटल माध्यम से शुभकामना संदेश प्रदर्शित किया गया। इस पहल के जरिए अधिकारियों और जवानों ने नए महानिदेशक के प्रति सम्मान जताते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
तीन दशक से अधिक का प्रशासनिक अनुभव
1993 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्हें पुलिस सेवा में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। आरपीएफ की कमान संभालने से पहले वे बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

बिहार पुलिस के कई अहम पदों पर दे चुके हैं सेवाएं
जितेंद्र कुमार बिहार पुलिस में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। जुलाई 2025 में केंद्र सरकार में महानिदेशक अथवा समकक्ष पद के लिए सूचीबद्ध किए जाने के बाद उन्हें आरपीएफ के महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
दो राष्ट्रपति पुलिस पदकों से हो चुके हैं सम्मानित
जितेंद्र कुमार की सेवाओं और कार्यक्षमता के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2009 में उन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, जबकि वर्ष 2016 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट पर आयोजित डिजिटल स्वागत के दौरान उप निरीक्षक हेमंत कुमार सहित पोस्ट के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। नए महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर बल के कर्मियों में खासा उत्साह देखा गया।
![]()





