Pakud :खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों पर शिकंजा, पांच गाड़ियों से वसूला 41 हजार जुर्माना
प्यादापुर माइनिंग चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग की छापेमारी जैसी सघन जांच, कागजात से लेकर सुरक्षा मानकों तक की हुई पड़ताल


पाकुड़ संवाददाता:-जिले में खनन सामग्री की ढुलाई करने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ गुरुवार को प्यादापुर माइनिंग चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पांच वाहनों पर कुल 41 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की वैधता की पड़ताल की गयी। विभाग की इस कार्रवाई से खनन सामग्री की ढुलाई में नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।
चेसिस-इंजन नंबर से दस्तावेजों तक की जांच
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहनों की पंजीकरण संख्या, चेसिस नंबर और इंजन नंबर का मिलान किया। नंबर प्लेट से छेड़छाड़, वाहन की पहचान छिपाने और वैध कागजात के बिना परिचालन जैसी संभावित गड़बड़ियों पर नजर रखी गयी। इसके साथ ही पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस प्रमाणपत्र, रोड टैक्स, परमिट और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गयी।
तिरपाल और सुरक्षा मानकों की भी हुई पड़ताल
गिट्टी, स्टोन चिप्स और अन्य खनन सामग्री की ढुलाई करने वाले वाहनों में तिरपाल की व्यवस्था, रिफ्लेक्टिव टेप, अतिरिक्त हाई बीम लाइट और वाहन की बॉडी में अनधिकृत बदलाव की भी जांच की गयी। वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

चालकों को दी गयी सड़क सुरक्षा की हिदायत
जांच के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने और थकान या नींद आने पर सुरक्षित स्थान पर रुककर आराम करने की सलाह दी गयी। साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने और खनन सामग्री की ढुलाई के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गयी।
प्रमुख मार्गों और चेकपोस्ट पर जारी रहेगी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, वाहन संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगाने और खनन सामग्री के परिवहन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न चेकपोस्ट और प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
![]()




