
संवाददाता प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)। गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान चाईबासा जिले के पड़राशाली क्षेत्र निवासी श्याम पूर्ति के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम विकास पूर्ति बताया गया है। दोनों दोस्तों के साथ एक अन्य युवक भी यात्रा कर रहा था, जिसका पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम पूर्ति अपने दोस्तों के साथ रांची आया था। इसके बाद तीनों दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नेतरहाट घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान घाघरा-पुटो रोड से मुख्य मार्ग पर पहुंचने के क्रम में बिशुनपुर की ओर से आ रहे बॉक्साइट लदे ट्रक से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में विकास पूर्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि श्याम पूर्ति स्कूटी समेत ट्रक में फंस गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, ट्रक उसे कुछ दूरी तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्कूटी फंसने के बावजूद करीब तीन किलोमीटर तक चलता रहा ट्रक
हादसे के बाद स्कूटी ट्रक में फंसी रही और वाहन करीब तीन किलोमीटर दूर नवडीहा तक पहुंच गया। वहां चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना की भयावहता से इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल विकास ने बताया कि उनके साथ एक अन्य दोस्त भी मोटरसाइकिल से जा रहा था। हादसे के बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। ऐसे में पुलिस उसकी तलाश और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने ट्रक जब्त किया, घायल गुमला रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने बॉक्साइट लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
वहीं, घायल विकास पूर्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार चालक की तलाश और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
![]()





