latehar:त्योहारों से पहले लातेहार में मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट की जांच, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए
Latehar News

लातेहार संवाददाता। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए लातेहार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू किया है। उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमन गुप्ता एवं सरिता जेराई के नेतृत्व में शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को बालूमाथ और बारियातू प्रखंड के प्रमुख मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच अभियान के दौरान मेसर्स साहू भोजनालय, मेसर्स गुरुजी होटल, मेसर्स अमर स्वीट्स फैमिली रेस्टोरेंट, मेसर्स गजाधर यादव, मेसर्स पानी पुरी, मेसर्स हॉट मोमोज एंड पिज्जा, मेसर्स न्यू साहू भोजनालय, मेसर्स न्यू लक्ष्मी स्वीट्स, मेसर्स गणपति स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, मेसर्स बिट्टू स्वीट्स, मेसर्स रंगोली स्वीट पैलेस, मेसर्स महाकाल फास्ट, मेसर्स फेमस चाट-भंडार और मेसर्स रूपेश राज चाट-भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

संचालकों को सुधार के लिए नोटिस
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में पेस्ट कंट्रोल कराने, पानी की जांच सुनिश्चित करने तथा अन्य पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संचालकों को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा, विभिन्न प्रतिष्ठानों में तैयार किए जा रहे खोवा, पनीर और रसगुल्ले के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों की जांच के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
मिलावट की सूचना प्रशासन को देने की अपील
उपायुक्त संदीप कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी या अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें। उन्होंने जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करते पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।
प्रशासन के इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाना है।
![]()




