समशेरगंज में 1 किलो 15 ग्राम हेरोइन बरामद, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर एनएच के डाक बंगला के पास पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू

रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
फरक्का। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 15 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में 19 वर्षीय युवक अरमान को गिरफ्तार किया गया है। वह मालदह जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के मुहब्बतपुर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया अभियान
समशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास के अनुसार, गुरुवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाक बंगला के समीप से एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित स्थान पर नाकेबंदी कर जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल से जा रहे एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोककर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली।
तलाशी में मिली एक किलो से अधिक हेरोइन
तलाशी के दौरान युवक के पास से 1 किलो 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम मान रही है।
पूछताछ में खुल सकते हैं तस्करी नेटवर्क के राज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि हेरोइन कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसने की थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
![]()




