
बरहरवा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शोक की लहर दौड़ गयी. उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख है. गुरुवार को अंतिम संस्कार में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह केंद्रीय समिति सदस्य पंकज मिश्रा, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

अंतिम संस्कार में पहुंचे झामुमो नेता-कार्यकर्ता
पंकज मिश्रा समेत झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. नेताओं ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें कंधा भी दिया. इस दौरान माहौल गमगीन रहा और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
हेमंत सोरेन व परिजनों से मिलकर जताया दुख
झामुमो नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना जतायी. नेताओं ने कहा कि यह परिवार के साथ-साथ पूरे झामुमो परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक क्षण है. दुख की इस घड़ी में पार्टी का हर कार्यकर्ता हेमंत सोरेन और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है.
पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति
झामुमो नेताओं ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन पार्टी और पूरे सोरेन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके स्नेह, सरल व्यक्तित्व और ममतामयी व्यवहार को हमेशा याद किया जाएगा. नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
![]()




