
संवाददाता : प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा। घाघरा थाना क्षेत्र के बुरहु गांव में सोमवार रात एक व्यक्ति ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान चैता उरांव के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चैता उरांव सोमवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे आवाज देकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया।

कमरे के अंदर चैता उरांव का शव साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही घाघरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
![]()




