
घाघरा संवाददाता। 6 अक्टूबर को प्रस्तावित चक्का जाम को सफल बनाने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति झारखंड के बैनर तले सोमवार की शाम घाघरा में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में पिछड़ा समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। हाथों में मशाल लेकर लोगों ने पिछड़ा वर्ग एकता के समर्थन में नारे लगाए।
मशाल जुलूस की शुरुआत घाघरा के चांदनी चौक स्थित शहीद देवनारायण भगत स्थल से हुई। जुलूस चांदनी चौक से ब्लॉक चौक होते हुए मिलन चौक तक पहुंचा। इसके बाद जुलूस वापस चांदनी चौक लौटा, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी अपने-अपने वाहनों के साथ मशाल लेकर चल रहे थे और पिछड़ा वर्ग एकता जिंदाबाद सहित कई नारे लगा रहे थे।

बताया गया कि पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति झारखंड ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 6 अक्टूबर को चक्का जाम का आह्वान किया है। इसी के तहत चक्का जाम की पूर्व संध्या पर लोगों को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मशाल जुलूस निकाला गया।
आयोजकों ने पिछड़ा समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर 6 अक्टूबर के चक्का जाम कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
![]()





