SIR पर वामफ्रंट का विरोध तेज, नलहाटी में धिक्कार मार्च; CEC हटाने की मांग
Pakud News

नलहाटी:- मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, एसआइआर को रद्द करने तथा प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम दोबारा शामिल करने की मांग को लेकर गुरुवार को नलहाटी में वामफ्रंट की ओर से धिक्कार मार्च निकाला गया. मार्च का नेतृत्व वामफ्रंट की नलहाटी-1 ब्लॉक कमेटी ने किया. इसमें पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.
पार्टी कार्यालय से निकला मार्च,
गेदुआ पाकुड़तला मोड़ पर सभा
धिक्कार मार्च सीपीआइएम के नलहाटी पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ. पश्चिम बाजार होते हुए मार्च गेदुआ पाकुड़तला मोड़ पहुंचा, जहां विरोध सभा आयोजित की गयी. सभा में वामफ्रंट नेताओं ने एसआइआर प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें रखीं तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाये.
कार्यक्रम की जानकारी सीपीआइएम के बीरभूम जिला सचिवमंडली के सदस्य संजीव बर्मन ने दी.
मांगें नहीं मानी गयीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
संजीव बर्मन ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने, एसआइआर रद्द करने और प्रक्रिया के दौरान छूटे मतदाताओं के नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल करने की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन किया जा रहा है. इसी क्रम में नलहाटी में भी धिक्कार मार्च निकाला गया. उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा.
गौरतलब है कि एसआइआर को लेकर निर्वाचन आयोग और विपक्षी दलों के बीच देशभर में राजनीतिक विवाद जारी है. निर्वाचन आयोग ने हाल में कहा है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े उसके आदेश सर्वसम्मति से लिये गये हैं और प्रक्रिया को लेकर विभिन्न स्पष्टीकरण भी जारी किये गये हैं.

वामफ्रंट के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में सीपीआइएम के बीरभूम जिला सचिवमंडली के सदस्य संजीव बर्मन, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के बीरभूम जिला सचिव व नलहाटी विधानसभा के पूर्व विधायक दीपक चटर्जी, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष चंद्रकांत माल, जिला कमेटी सदस्य संजीव मल्लिक, डीवाइएफआइ के बीरभूम जिला सचिव अकबर अली, सीपीआइएम नलहाटी एरिया कमेटी के सचिव प्रशांत लेट, गोराचांद गुप्ता समेत वामफ्रंट के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहें.
![]()




