
लातेहार। पतकी पुलिस पिकेट के पास नाबालिग किशोर के साथ मारपीट और उसकी मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के करीब 12 घंटे के भीतर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने सोमवार को लातेहार थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।
एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि 27 सितंबर को परसही निवासी श्याम किशोर पासवान के नाबालिग बेटे के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी कुमार गौरव ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अरबाज आलम (21), समीर अंसारी (19) और कमलेश कुमार सिंह (19) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अरबाज आलम का एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। किशोर इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर अगवा किया और मारपीट की। पुलिस का दावा है कि बाद में किशोर को मुख्य सड़क पर ले जाकर वहां से गुजर रहे हाइवा के नीचे धक्का दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। घटनास्थल से मृतक के ब्लड सैंपल को भी जांच के लिए लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, एसआई संतोष कुमार, एसआई राजा दिलावर, एसआई रविंद्र महली, एसआई कामता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
![]()





