उपायुक्त की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई संपन्न
अवैध खनन और परिवहन के ख़िलाफ सख़्त एक्शन लेने का दिया निर्देश

लातेहार। जिले में अवैध बालू, पत्थर, कोयला और दूसरे खनिजों के उत्खनन व ढुलाई पर रोक लगाने को लेकर सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में अवैध खनन के खिलाफ अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाके में लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, परिवहन या खनिजों के भंडारण का मामला मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही नियम के अनुसार जुर्माना वसूली की कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनन, प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी तालमेल से काम करें। कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
बैठक में कोल साइडिंग से होने वाले वायु प्रदूषण पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी कोल साइडिंग में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) डिस्प्ले बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बोर्ड पर वायु गुणवत्ता की स्थिति लोगों को आसानी से दिखाई देनी चाहिए। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन कराने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अवैध खनिज लदे वाहनों पर नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन या परिवहन में वाहन पकड़े जाने पर दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, कोल कंपनियों के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं
सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
![]()




