एनसीबी अधिकारी बन 31.90 लाख की लूट,चतरा पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा
Chatra News

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में खुद को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का अधिकारी बताकर यात्री बस से 31.90 लाख रुपये की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अनिमेश नैथानी के निर्देश पर वशिष्ठनगर थाना की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चतरा-गया मुख्य मार्ग पर जोरी टोल प्लाजा से पहले “स्टार फिश” नामक यात्री बस को रोक लिया था। इस दौरान सभी आरोपी खुद को एनसीबी अधिकारी बताकर बस की जांच के नाम पर अंदर घुसे और मौके का फायदा उठाकर 31.90 लाख रुपये लूट लिए। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जो जांच में अहम साक्ष्य बना।
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले की गहराई से जांच की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंगु कुमार, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी बिहार के गया जिले और झारखंड के हजारीबाग क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की थार गाड़ी भी जब्त की गई है।
फिलहाल पुलिस लूटी गई शेष रकम की बरामदगी और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
इस पूरे अभियान में जोरी, प्रतापपुर, इटखोरी और हंटरगंज थाना की पुलिस टीम के साथ टेक्निकल सेल और सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही।
![]()




