
मुंबई। गुड बैड अग्ली के बाद अभिनेता अजित कुमार अपनी अगली फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता एक बार फिर निर्देशक अधिक रविचंद्रन के साथ काम कर रहे हैं। दोनों की नई फिल्म का नाम ‘डेयर डेविल’ है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर प्रशंसकों में उत्सुकता बनी हुई है। अब मेकर्स ने फिल्म से अजित कुमार का पहला लुक जारी करने के साथ शूटिंग शुरू होने की जानकारी भी साझा की है।
फर्स्ट लुक पोस्टर में अजित कुमार बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह लाल रंग की विंगबैक लेदर चेयर पर बैठे दिखाई देते हैं। अभिनेता ने सफेद पैंट-सूट पहना हुआ है, जिसके साथ लाल शेड वाला सनग्लास, मेटल रिस्टवॉच और ब्रेसलेट उनके लुक को खास बना रहे हैं। उनके हाथ में डाइस गेम का एक पीस भी नजर आ रहा है। पोस्टर में उनका अंदाज काफी रौबदार दिखाई देता है।

2027 की गर्मियों में रिलीज की चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘डेयर डेविल’ को 2027 की गर्मियों में सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी है। हालांकि, फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं हुई है। मेकर्स के अनुसार फिल्म की शूटिंग 2 नवंबर से शुरू होने वाली है। गर्मियों में रिलीज की योजना को देखते हुए फिल्म का शूटिंग शेड्यूल काफी व्यस्त रहने की संभावना है।
अधिक रविचंद्रन के साथ दूसरा प्रोजेक्ट
‘डेयर डेविल’ अजित कुमार और निर्देशक अधिक रविचंद्रन की लगातार दूसरी फिल्म है। फिल्म का निर्माण शालिनी अजित कुमार अपने प्रोडक्शन बैनर ब्रेव हार्ट्स प्रोडक्शन के तहत करेंगी। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर को दी गई है।
अनिरुद्ध के साथ चौथी बार बनेगी जोड़ी
अजित कुमार और अनिरुद्ध रविचंदर की यह चौथी फिल्म होगी। इससे पहले दोनों ‘वेदालम’, ‘विवेगम’ और ‘विदा मुयार्ची’ में साथ काम कर चुके हैं। इन फिल्मों के अलावा ‘वेदालम’ का संगीत भी दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रहा है। अब ‘डेयर डेविल’ के जरिए यह जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आने वाली है।
![]()




