शांति मोड़ बाजार में सड़क पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार,बड़ा हादसा टला
पूर्व में भी हो चुकी है तार गिरने की घटना, नाबालिग के झुलसने का दावा:ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की

कोटालपोखर संवाददाता। उधवा प्रखंड की पूर्वी प्राणपुर पंचायत स्थित शांति मोड़ बाजार में देर रात तेज हवा और बारिश के बीच 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार सड़क पर गिर गया। तार गिरते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, तार गिरने के दौरान बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी और बारिश के कारण सड़क पर आवाजाही भी कम थी। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हाईटेंशन तार सड़क पर गिरने से आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, शांति मोड़ बाजार में हाईटेंशन तार टूटकर गिरने की यह पहली घटना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी तार गिरने की घटना हो चुकी है। उनके अनुसार, पहले हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक नाबालिग के झुलसने की घटना भी हुई थी। हालांकि, इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
जर्जर पोल और लटकते तारों से ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों का कहना है कि बाजार और आसपास के इलाकों में बिजली के जर्जर पोल एवं लटकते तार दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। बारिश और तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की तत्काल जांच कराने तथा जर्जर तार-पोल की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
विभाग ने शुरू किया मेंटेनेंस का काम
इधर, समाचार लिखे जाने तक बिजली मिस्त्री इस्लाम शेख ने बताया कि विभाग की ओर से मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जर्जर पोल और हाईटेंशन तारों की समस्या का स्थायी समाधान करेगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं हो।
![]()





