पत्नी पर चाकू से हमला का आरोप,आरोपी पति फरार
घाघरा थाना क्षेत्र के तिलसीरी अंबाटोली गांव की घटना, घायल महिला रिम्स रांची रेफर

रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा थाना क्षेत्र के तिलसीरी अंबाटोली गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में 20 वर्षीय संतोषी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति गणेश गोप मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल संतोषी कुमारी को परिजनों द्वारा पहले प्राथमिक उपचार के लिए गुमला सदर अस्पताल लाया गया। वहां स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।
घायल संतोषी कुमारी ने बताया कि उसका पति गणेश गोप अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। पति के व्यवहार से तंग आकर वह लगभग 11 दिन पहले अपने मायके स्थित भाई के घर रहने आ गई थी। शुक्रवार को गणेश गोप उसे वापस ले जाने के लिए उसके भाई के घर पहुंचा। उस समय घर पर उसका भाई बिनेश्वर उरांव और अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे।
संतोषी के अनुसार, पति के साथ वापस जाने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गणेश गोप ने चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद संतोषी के बड़े भाई बिनेश्वर उरांव ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश जारी है।
![]()




