धान की रोपाई कर ग्रामीणों का अनोखा विरोध, पुआल गांव में पक्की सड़क की मांग तेज
Sahibganj news

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
कोटालपोखर (साहिबगंज): झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड अंतर्गत पुआल गांव के पांच टोले के सैकड़ों ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क की कीचड़ भरी हालत से नाराज होकर उसी रास्ते में धान की रोपाई कर अपना आक्रोश जताया।
ग्राम प्रधान संग्राम सोरेन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने लगभग 1.7 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क, जो बरसात में पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है, उसमें उतरकर धान रोप दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पोआल मांझी टोला से उपर टोला तक जाने वाली यह सड़क वर्षों से कच्ची और जर्जर अवस्था में है, जिससे हर वर्ष बरसात में आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है।

प्रशासन की पहल, 15 दिन में काम शुरू करने का आश्वासन
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया। बीते सोमवार को सदर एसडीओ अमर जॉन आईंद, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता देवी लाल हांसदा तथा बीडीओ नागेश्वर साव पुआल गांव पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की।
बीडीओ ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और 15 दिनों के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक योजना बोर्ड नहीं लगाया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वर्षों से जारी है सड़क की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से लगातार पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी, जिसके बाद प्रशासनिक आश्वासन पर उन्होंने बहिष्कार वापस लिया था। लेकिन चुनाव के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पुआल पंचायत का यह क्षेत्र पहाड़िया आदिवासी बहुल इलाका है, जहां आजादी के कई दशक बाद भी सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
बरसात में बढ़ती मुश्किलें
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान गर्भवती महिलाओं को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ता है, जबकि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी केवल आश्वासन मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर वार्ड सदस्य दिनेश सोरेन, रवि राकेश, सुनील हेंब्रम, सुभाष मुर्मू, विजय सोरेन, सुशीला हांसदा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
![]()




