बाढ़ प्रभावित छात्रों की सुरक्षा को लेकर साहिबगंज कॉलेज प्रशासन गंभीर
प्राचार्य ने छात्रावास का किया निरीक्षण,नंदन भवन में की अस्थायी आवास की व्यवस्था

साहिबगंज। गंगा के बढ़ते जलस्तर और जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सोमवार को छात्रावास में रह रहे बाढ़ प्रभावित छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों से आवास, भोजन, पेयजल, बिजली और सुरक्षा समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली।

प्राचार्य ने कहा कि बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है और ऐसी स्थिति में छात्रों की सुरक्षा महाविद्यालय प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रभावित छात्रों की समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराने की बात कही, ताकि उन्हें सुरक्षित आवास के साथ भोजन, शुद्ध पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बाढ़ के दौरान सांप और अन्य संभावित खतरों को देखते हुए भी आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। स्थिति को देखते हुए प्राचार्य ने तत्काल पहल करते हुए प्रभावित छात्रों को कॉलेज के नंदन भवन में अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित कर्मियों को छात्रों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
इस दौरान छात्र नायक समेत अन्य छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने प्राचार्य की त्वरित पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया। प्राचार्य ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में महाविद्यालय प्रशासन छात्रों के साथ खड़ा है और उनकी सुरक्षा व जरूरतों को पूरा करने के लिए हरसंभव कदम उठाया जाएगा।
![]()





