राजभवन घेराव में लातेहार से जाएंगे सैकड़ों कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस ने बनाई रणनीति

लातेहार। जिला युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को जिलाध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों को तेज करने के साथ आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न जनमुद्दों को लेकर आंदोलन की तैयारी पर चर्चा की गई। खास तौर पर राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव मुन्ना खान ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आम लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। युवाओं, छात्रों, किसानों और आम लोगों की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना युवा कांग्रेस की प्राथमिकता है।
चंदा चोरी के आरोप और एमएमआरडी विधायक संशोधन से जुड़े मुद्दों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी और आने वाले दिनों में आंदोलन को धार दी जाएगी।
जिला महासचिव मिथलेश पासवान ने कहा कि राजभवन घेराव में लातेहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रांची जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष सहादत हुसैन टिंकू बाबू ने कहा कि जिला कमेटी पूरी तरह तैयार है और संगठन में सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी साथी मिलकर काम करेंगे।
जिलाध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि युवा कांग्रेस जनहित से जुड़े सवालों पर अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक में नगर अध्यक्ष सुरेंद्र उरांव, प्रखंड अध्यक्ष मोती उरांव, फूलचंद यादव, साजिद अंसारी, वाजिद अंसारी, सुहेल अंसारी, बिजेंद्र उरांव, संदीप यादव, अक्षय कुमार, दानिश आलम, अल्लेनबी, मुश्ताक खान, परदेशी राम, इमरान अंसारी, कुलदीप यादव, राजीव बग्गा और सद्दाम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
![]()




