

कोटालपोखर/राजमहल:
राजमहल प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ और कटाव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। हालात का जायजा लेने के लिए गुरुवार को अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने गदाई दियारा, रामबचन टोला समेत आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
कटाव को लेकर ग्रामीणों में चिंता
ग्रामीणों ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण कई स्थानों पर तेज कटाव हो रहा है। सिल्लू टोला, रामबचन टोला समेत आसपास के इलाकों में कटाव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंगा किनारे रहने वाले लोगों को अपने घर और जमीन के नुकसान का भय सता रहा है।
जलस्तर बढ़ने से आवागमन और दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटाव रोकने के लिए ठोस उपाय करने की मांग की है।
सिल्लू टोला में विशेष निरीक्षण
दौरे के दौरान राजस्व उप निरीक्षक सेत माल्टो एवं अंचल अमीन अजय कुमार महतो ने सिल्लू टोला में हो रहे कटाव का स्थल निरीक्षण किया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल और वार्ड सदस्य सुदाम मंडल मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों की परेशानियों से अवगत कराया।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि बाढ़ एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने गदाई दियारा, रामबचन टोला, सिल्लू टोला समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का विस्तृत जायजा लिया और रिपोर्ट अंचल कार्यालय को सौंप दी।
![]()



