
अनिकेत कुमार सोनू की रिपोर्ट,
मंगलहाट। आस्था का सैलाब, परंपरा की झलक और लोक संस्कृति का अनूठा संगम—मंगलहाट का दुर्गोत्सव इन दिनों उत्सवी रंग में सराबोर है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर राजमहल के सांसद विजय हांसदा और विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने दुर्गा मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंदिर और मेला परिसर का भ्रमण भी किया।
मंदिर पहुंचने पर पूजा समिति की ओर से सांसद और विधायक समेत अतिथियों का चुनरी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया। मेले में श्रद्धालुओं की चहल-पहल के बीच आयोजन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य भी सक्रिय नजर आए।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मारूफ उर्फ गुड्डू, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पूजा समिति अध्यक्ष सुभाष चंद्र दास, दिलीप कर्मकार, अजय दास, विकास यादव समेत समिति के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।

एकादशी मेले में आदिवासी संस्कृति का दिखेगा दमदार रंग
मंगलहाट का एकादशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का बड़ा मंच भी है। मेले में आदिवासी समुदाय के पारंपरिक नृत्य-संगीत और गंगा विहार नौका दौड़ प्रतियोगिता पर लोगों की खास नजर रहती है। विभिन्न क्षेत्रों से आदिवासी समूह अपने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ पहुंचते हैं, जिससे पूरा मेला परिसर लोकधुनों और सांस्कृतिक उल्लास से गूंज उठता है।
पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य से जीवंत होगी संस्कृति
आदिवासी समाज के लोग अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को गीत-संगीत और नृत्य के जरिए प्रस्तुत करते हैं। पारंपरिक धुनों पर कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियां मेले की रौनक बढ़ाती हैं। वहीं, गंगा विहार नौका दौड़ प्रतियोगिता आयोजन में रोमांच का तड़का लगाती है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानित
पूजा समिति के अनुसार, सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पारंपरिक कला, लोक संस्कृति और खेलों को बढ़ावा देना है।
धार्मिक आस्था से लेकर आदिवासी लोक परंपराओं तक, मंगलहाट का एकादशी मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर समेटता है। यही वजह है कि यह आयोजन स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए भी खास आकर्षण रखता है।
![]()




