राजमहल फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: बाइक से गिरी महिला की मौत, गोद में बिलखता रहा एक साल का मासूम
मंदिर दर्शन की राह में मातम: गैस गोदाम के पास अनियंत्रित हुई बाइक, मां की मौत से बेटी-दामाद पर टूटा दुखों का पहाड़

मनोज साह की रिपोर्ट,
राजमहल। मंदिर में दर्शन की आस लेकर घर से निकली रीता देवी को क्या पता था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा। राजमहल फोरलेन पर गैस गोदाम के पास हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय रीता देवी की मौत हो गयी, जबकि उनकी गोद में मौजूद एक साल का मासूम बच्चा घायल हो गया। हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। अस्पताल में महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मंदिर जाने के दौरान अचानक अनियंत्रित हुई बाइक
जानकारी के अनुसार, मंगलहाट इंग्लिश निवासी जनार्दन पंडित की पत्नी रीता देवी अपनी बेटी चंदा कुमारी और दामाद के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पगली दुर्गा महारानी मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान राजमहल थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित गैस गोदाम के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गयी। इससे रीता देवी सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गयीं। उनकी गोद में मौजूद एक साल का बच्चा भी हादसे में चोटिल हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही टूटी परिवार की उम्मीद
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में रीता देवी को राजमहल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. सादिक अंसारी ने जांच और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर सुनते ही बेटी चंदा कुमारी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस सफर पर परिवार मंदिर में दर्शन की उम्मीद लेकर निकला था, वह पलभर में जिंदगी भर का दर्द दे गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने पर राजमहल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। एएसआई ओमप्रकाश चौहान, पवन यादव और करुणा टोप्पो ने मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रीता देवी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे में घायल एक साल के बच्चे को लेकर भी परिजन चिंतित हैं।
![]()




