मुआवजे की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर किया जाम
राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित,थाना प्रभारी ने अंत्येष्टि के लिए दिए 10 हजार रुपये

कोटालपोखर संवाददाता/राजमहल। राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर कैलाश पोटरी के समीप सड़क हादसे में साइकिल सवार महावीर उरांव की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने के बाद ग्रामीणों ने गुनिहारी पंचायत के बेगमपुरा स्थित झझमिया काली मंदिर के समीप शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआई ओम प्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने की दिशा में हरसंभव पहल करने का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद परिजन एवं ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद शव को सड़क से हटाकर जाम समाप्त कर दिया गया और यातायात सामान्य हुआ।
थाना प्रभारी ने अंत्येष्टि के लिए दिए 10 हजार रुपये
मृतक के परिजनों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने मानवता का परिचय देते हुए अंत्येष्टि के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए।
पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। मौके पर मुखिया सुखवा उरांव, जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष अर्जुन महतो, विष्णु चौधरी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू
![]()





