राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर हादसा, एक की मौत;बाइक दुर्घटना में तीन घायल
राजमहल-तीनपहाड़ मार्ग पर सड़क हादसा,महावीर उरांव की मौत; बाइक दुर्घटना में 3 घायल

कोटालपोखर संवाददाता। राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर नया बस्ती लकड़ीपुल के समीप सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान तुतीपुर निवासी महावीर उरांव के रूप में हुई है। इसी घटनास्थल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन युवक घायल हो गए। इनमें दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मालदा रेफर कर दिया।
टोटो चालक घायल समझकर अस्पताल ले गया
अस्पताल कर्मियों के अनुसार, एक टोटो चालक महावीर उरांव को घायल समझकर राजमहल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तस्वीर से हुई मृतक की पहचान
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी महादेव उरांव ने मृतक की पहचान के लिए थाना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में मोबाइल के माध्यम से तस्वीर प्रसारित की। इसके बाद गुनिहारी पंचायत के मुखिया सुखवा उरांव ने तस्वीर के आधार पर मृतक की पहचान तुतीपुर निवासी महावीर उरांव के रूप में की। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे।
किस वाहन की चपेट में आए, स्पष्ट नहीं
समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि महावीर उरांव किस वाहन की चपेट में आए। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
बाइक दुर्घटना में तीन युवक घायल
इधर, इसी घटनास्थल के समीप दैनिक मजदूरी कर कोयला बाजार से बाइक से राजमहल लौट रहे तीन युवक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए। बताया गया कि कठपुल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घायलों में पुन्नी टोला निवासी सूफियाना शेख (22) और मैनातालाब निवासी बिस्मिल्लाह शेख (21) शामिल हैं। दोनों का राजमहल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा रेफर कर दिया। तीसरे घायल का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया गया।
विधायक प्रतिनिधि ने ली घायलों की जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
![]()






