पाकुड़ के खिलाड़ियों ने‘किंग्स ऑफ झारखंड’में जीते छह पदक
किंग्स ऑफ झारखंड’प्रतियोगिता में पाकुड़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

पाकुड़ संवाददाता। धनबाद में 22 और 23 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता ‘किंग्स ऑफ झारखंड’ में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में पाकुड़ के पांच खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में कुल दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
अर्घो कुमार गोन ने जीते दो पदक
पावरलिफ्टिंग की 66 किलोग्राम सीनियर कैटेगरी में अर्घो कुमार गोन ने रजत पदक हासिल किया। वहीं बॉडीबिल्डिंग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह अर्घो ने प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
आशीष और शशि सौरव ने जीते स्वर्ण
सब-जूनियर 83 किलोग्राम भार वर्ग में आशीष चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं 93 किलोग्राम जूनियर कैटेगरी में शशि सौरव साहा ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
इसके अलावा 66 किलोग्राम जूनियर कैटेगरी में देव कुमार ने रजत पदक, जबकि 59 किलोग्राम जूनियर कैटेगरी में अंकित शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के आयोजक जितेंद्र तांती रहे। बॉडीबिल्डिंग के निर्णायक मंडल में इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के सदस्य आरएस पांडा और जेपी मोंटी शामिल थे। वहीं पावरलिफ्टिंग में निर्णायक की भूमिका अनंतो घोष ने निभाई।
पाकुड़ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। छह पदकों की यह सफलता जिले में खेल प्रतिभाओं की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()





