बाइक-साइकिल की जोरदार टक्कर में बाइक सवार की मौत
साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर हादसा, बाइक सवार की गयी जान

पाकुड़ संवाददाता। थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के समीप साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर शनिवार दोपहर बाइक और साइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे में बाइक सवार सुलेमान हांसदा (35) की इलाज के दौरान मौत हो गयी, जबकि साइकिल सवार को मामूली चोटें आयीं। मृतक महेशपुर थाना क्षेत्र के बास्कन्द्री गांव निवासी मिस्त्री हांसदा के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, सुलेमान हांसदा फतेहपुर में आयोजित फुटबॉल मैच देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़पुर गांव के समीप सामने से आ रही साइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गयी। साइकिल पर अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के टूटरापहाड़ गांव निवासी बामना पहाड़िया (पिता छोटा कालू पहाड़िया) सवार थे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सुलेमान के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। वहीं, बामना पहाड़िया को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
सुलेमान की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। बाद में परिजन शव को अपने साथ गांव ले गये।
![]()





