लातेहार संवाददाता।
लातेहार जिले में मंगलवार को हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में दो किसानों की जान चली गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज सदर अस्पताल के आईसीयू में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंदवा प्रखंड के सुरली गांव निवासी उपेंद्र उरांव खेत में जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसी तरह जालिम पंचायत के शिवनाथ उरांव भी खेत में कृषि कार्य के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
उधर, सदर प्रखंड के होटवाग गांव में धान की रोपाई कर रही 24 वर्षीय निर्मला देवी पर भी बिजली गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम में खुले खेतों में काम न करने की अपील की है।
![]()















