साहिबगंज/बरहड़वा। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर यहां दो स्थानों पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण होगा। दोनों प्रतिमा को स्थापित करने का काम पूरा हो चुका है। उधर,मौके पर दोपहर 12 बजे से शहर के सिदो कान्हू स्टेडियम में श्रद्धांजलि सभा होगा।
झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में राज्य सरकार के राजस्व व परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के अलावा झामुमो,भाजपा, कांग्रेस,आजसू,जदयू समेत अन्य दलों के स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।
प्रतिमा अनावरण
श्रद्धांजलि सभा से पहले साक्षरता दर चौक व समाहरणालय के सामने नवनिर्मित पार्क में स्थापित दिशोम गुरु की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा। दोनों कार्यक्रम की तैयारी जोरशोर से चल रही है। साहिबगंज जिला समिति के निर्देश पर पूर्व केंद्रीय समिति सदस्य शक्तिनाथ अमन के आवासीय कार्यालय में झामुमो नगर कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष धर्मवीर कुमार महतो ने की।
बैठक में 4 अगस्त को साहिबगंज के सिदो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धांजलि सभा में नगर कमेटी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ता बसों से झंडा-बैनर के साथ साहिबगंज जाएंगे। बैठक में निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को पदमुक्त कर नए सदस्यों को समिति में शामिल करने तथा जल्द नगर कार्यालय खोलने की दिशा में पहल करने का भी निर्णय लिया गया।
मौके पर मोहम्मद इकबाल हुसैन, दिनेश सेन, शकील परवेज, नीलकंठ शाह, शुभाशीष कुमार, नीरज महतो, वरुण मंडल, विकास रजक, छोटू कुमार साह, मंगल शर्मा, सूरज सिंह, सुशील कुमार, मुन्ना साव, उज्ज्वल दास, हरेंद्र शाहा, विक्रम मंडल, मुकेश कुमार, सोनू कुमार, परिवर्तन साह आदि मौजूद थे।