गुमला:गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित खटगांव गांव में गुरुवार को डायन-बिसाही के आरोप में 40 वर्षीय महिला तारामुनी देवी की निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब तारामुनी देवी गांव के स्कूल के पास बर्तन धो रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी डुंगडुंग वहां पहुंचा और महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पालकोट थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका के भतीजे रंजीत केरकेट्टा ने बताया कि वर्ष 2025 में भी आरोपी ने इसी तरह तारामुनी देवी पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उस समय पुलिस ने आरोपी से बाउंड भरवाकर उसे छोड़ दिया था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार महिला को डायन बताकर धमकी देता रहा और अंततः उसकी हत्या कर दी।
मृतका के पति अनमोल केरकेट्टा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और उसे यह भ्रम था कि महिला ने उस पर डायन-बिसाही कर उसे बीमार कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।