लातेहार: झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद सोमवार को लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से जिला स्टेडियम परिसर में पंकज तिवारी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों, खेल पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए जिले में खेलों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई। जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रवीण मिश्रा ने कहा कि पंकज तिवारी का राज्य स्तर पर अहम जिम्मेदारी मिलना पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि तिवारी ने वर्षों से वॉलीबॉल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर दिलाने के लिए लगातार काम किया है। उनके अनुभव का लाभ अब पूरे झारखंड के खिलाड़ियों को मिलेगा।
सम्मान से अभिभूत पंकज तिवारी ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए किसी व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक जिले के खिलाड़ियों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार करना और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाना है। इसके लिए आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना, खेल मैदानों का विकास और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लातेहार में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलें तो वे राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। इसके लिए खेल संघों, प्रशिक्षकों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मजबूत खेल माहौल तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद, मजदूर नेता दिलेश्वर उरांव, ललित पांडे समेत कई वक्ताओं ने पंकज तिवारी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में झारखंड में वॉलीबॉल को नई दिशा मिलेगी।
समारोह में एथलेटिक्स प्रशिक्षक आलोक कुमार सिंह, जिम ट्रेनर आसिफ अली प्रिंस, कामिल अंसारी, सुरेंद्र उरांव, प्रदीप यादव, मिथलेश यादव, गोल्डन राजा, खुशबू देवी, मीना देवी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेलप्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।