लातेहार। जिले में नीति आयोग के आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा सोमवार को समाहरणालय सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों और तय सूचकांकों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां विशेष अभियान चलाकर सुधार किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लक्ष्य तय कर योजनाओं का क्रियान्वयन करें और उसकी नियमित समीक्षा भी करें।
उन्होंने कहा कि जिले के विकास से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे और जिले की रैंकिंग में भी सुधार हो।
बैठक में योजनाओं के प्रभावी संचालन, विभागीय समन्वय बढ़ाने और तय मानकों को हासिल करने के लिए आवश्यक कदमों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, अन्य विभागीय अधिकारी तथा पिरामल फाउंडेशन के फेलो उपस्थित थे।