रिपोर्टर: संवाददाता, पाकुड़
झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में मंडलकारा पाकुड़ में रविवार को जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर तथा सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त कानूनी सहायता और प्ली-बार्गेनिंग जैसे प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। सचिव रूपा बंदना किरो ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विचाराधीन कैदियों को राहत प्रदान करना है, ताकि उन्हें उनके मामलों की पैरवी के लिए निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर में बंदियों को त्वरित न्याय, उनके मामलों की स्थिति और मध्यस्थता के माध्यम से वादों के निष्पादन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही बंदियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान बंदियों की समस्याएं सुनी गईं और मेडिकल टीम द्वारा उनके स्वास्थ्य की जांच की गई।
मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रूपा बंदना किरो, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, डॉ. एस.के. झा, डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल, सहायक अजफर हुसैन विश्वास, गंगाराम टुडू, डालसा कर्मी नंदलाल पाल सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।