गढ़वा/बरडीहा:
प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लेभरी में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) में मिलावटी खाद्य तेल के उपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर बरडीहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण कुमार सिंह ने औचक छापेमारी कर पूरे मामले का भंडाफोड़ किया।
जानकारी के अनुसार, बीडीओ को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि विद्यालय में एमडीएम के लिए मिलावटी तेल का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें संयोजिका एवं अन्य कर्मियों की मिलीभगत की आशंका जताई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने तत्काल गढ़वा के एसीएमओ से संपर्क कर फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध रॉय को बुलाया।
इसके बाद बीडीओ और फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने विद्यालय में अचानक छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया और मिलावटी तेल को छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता के कारण यह प्रयास विफल हो गया। मौके से संदिग्ध खाद्य तेल जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने प्रखंड के सभी विद्यालयों, संयोजिकाओं और एमडीएम प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि कहीं भी मिलावटी या घटिया खाद्य सामग्री का उपयोग पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह की औचक छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।