अर्जुन पुरस्कार विजेता डोला बनर्जी व राहुल बनर्जी की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन,ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
लातेहार स्थित डीवीसी तुबेद कोल माइंस में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत “त्रिनेत्रा तीरंदाजी अकादमी” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों और युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में दामोदर घाटी निगम (DVC) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में सदस्य तकनीकी एस.के. पांडा, सदस्य सचिव एस.एस. दास, कार्यकारी निदेशक (माइनिंग) अमितांजन नंदी एवं उप महाप्रबंधक (सीएसआर) बी.जी. होल्कर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण भारत के प्रख्यात तीरंदाज एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता डोला बनर्जी (2005) और राहुल बनर्जी (2011) रहे। दोनों खिलाड़ियों ने उपस्थित बच्चों एवं युवाओं को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान अकादमी की गतिविधियों, प्रशिक्षण सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथियों ने फीता काटकर एवं स्मारक पट्टिका का अनावरण कर अकादमी का औपचारिक उद्घाटन किया। साथ ही परिसर का निरीक्षण कर प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। कार्यक्रम में मध्य विद्यालय कुदरी और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं खेल प्रस्तुतियां दीं, वहीं अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों द्वारा तीरंदाजी का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
वक्ताओं ने कहा कि यह अकादमी ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी। डीवीसी की यह पहल क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।