पाकुड़ संवाददाता।
अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र में खाद बिक्री में अनियमितता की शिकायत पर शनिवार को बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने विभिन्न खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया।
जांच के क्रम में यह भी पाया गया कि कई दुकानों में खाद वितरण से संबंधित पंजी अपडेट नहीं था तथा स्टॉक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं पाए गए। बीडीओ ने दुकानों में उपलब्ध खाद के स्टॉक, बिक्री और वितरण व्यवस्था की विस्तार से जांच की।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के बाहर लगाए गए बोर्ड पर खाद के प्रकार एवं निर्धारित दर अंकित नहीं होने की भी बात सामने आई, जिससे किसानों को वास्तविक कीमत की जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने संबंधित दुकानदारों को तत्काल व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही दुकानदारों को वितरण पंजी नियमित रूप से अपडेट करने, स्टॉक रजिस्टर संधारित रखने तथा दुकान के बाहर खाद के प्रकार व निर्धारित दर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।