लातेहार, 21 जून 2026: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की तुबेद कोयला खान, लातेहार द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होटल सेलिब्रेशन इन में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य अभियंता एवं परियोजना प्रधान (CE & HOP) अरविंद कुमार ठाकुर उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।
योग सत्र का संचालन प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक मुकेश पाण्डेय ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया और नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य अतिथि अरविंद कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का समापन सभी के स्वस्थ, सुखी एवं निरोग जीवन की कामना के साथ किया गया।