बरहरवा, संवाददाता । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बीते रात्रि को बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर से दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से आरपीएफ पुलिस ने चोरी के 4 मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और सिपाही सुजीत कुमार सिंह की टीम देर रात करीब 02:15 बजे स्टेशन पर सघन गश्ती कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या- 03 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन की जांच के क्रम में कोच के अंदर दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए गए। आरपीएफ टीम को देखते ही दोनों युवकों ने कोच से कूदकर भागने की कोशिश की,लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान चांद शेख (25 वर्ष) और इस्तेफाक शेख (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जो मूल रूप से झारखंड के पाकुड़ जिले के रहने वाले है। तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी के 04 कीमती मोबाइल फोन मिले,जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 53,488 रूपया आंकी गई है। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि इनमें से दो मोबाइल उन्होंने बरहरवा स्टेशन के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) में सो रहे यात्रियों की जेब से उड़ाए थे। जबकि बाकी के दो मोबाइल टिकट काउंटर के पास सो रहे लोगों से चुराए थे।
आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बरामद सभी मोबाइलों को विधिवत जब्त कर लिया है। आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद,दोनों आरोपियों को जब्त सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) बरहरवा को सौंप दिया गया है। आरपीएफ कमांडेंट ने टीम की इस कामयाबी की सराहना की है। इसके साथ ही आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और असामाजिक तत्वों तथा आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए विशेष गश्ती अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।