पाकुड़ संवाददाता:
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाधरजानी गांव में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री की सूचना पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बंद पड़े घर से ब्राउन शुगर और गांजा बरामद किया गया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम घाधरजानी स्थित कृष्णा साहा के बंद घर में अवैध रूप से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। मौके पर कुछ लोग नशा करते पाए गए, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा कुमार साहा (33 वर्ष) एवं सुरज कुमार दुबे (20 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ के बाद घर की तलाशी लेने पर 25 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलोग्राम गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक चिलम, पैकिंग सामग्री (लगभग 1000 प्लास्टिक पन्नी) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस संबंध में हिरणपुर थाना कांड संख्या 40/2026, दिनांक 16 जून 2026 को NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुरज कुमार दुबे के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में हिरणपुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।