गोमिया: बकाया मानदेय और प्रोत्साहन राशि के लिए गोमिया प्रखंड की सहिया और सहिया साथी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतर गई हैं। सीएचसी गोमिया परिसर में जमा होकर सभी ने एक स्वर में कहा, “जब तक मानदेय नहीं मिलते हैं, आंदोलन करते रहेंगे।”
सहिया रीता देवी ने बताया कि 5 जून को हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। तब अस्पताल प्रबंधन ने एक सप्ताह के अंदर मानदेय डालने को कहा था। लेकिन 15 दिन हो गया है, खाते में एक रुपया नहीं आया। इसी धोखे से नाराज होकर सभी सहियाओं ने काम बंद कर दिया।
सहिया रेनुबाला देवी ने कहा कि सितंबर 2025 से सहियाओं का मानदेय रुका है। नौ महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। घर चलाना मुश्किल हो गया है। मंत्री, विधायक, उपायुक्त और सिविल सर्जन तक गुहार लगाई, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
सहिया साथी गेंदा देवी ने बताया कि हड़ताल की लिखित सूचना देने के बाद भी 13 सहिया साथियों से प्रबंधन ने स्पष्टीकरण मांगा है। सहिया का बकाया सितंबर से और सहिया साथियों का अक्टूबर 2025 से लंबित है।
प्रदर्शन में शामिल आशा देवी, सहिया साथी लीलावती देवी, रीता देवी, पुरनी देवी, बिरजू देवी, पिंकी देवी, लक्ष्मी देवी, कोषाध्यक्ष गीता देवी, सचिव बेबी, गुलशन, अध्यक्ष, अंजू देवी, गीता देवी, मालती देवी, मनी देवी, रीता देवी, रेखा देवी, पुष्पा देवी, किरण देवी, अनीता देवी, पुष्पा देवी, उर्मिला देवी, नीलम देवी समेत सभी सहियाओं का कहना है कि यह अनिश्चितकालीन हड़ताल सही है। जब तक बकाया मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हो जाता, टीकाकरण, प्रसव पंजीकरण, दवा वितरण समेत सभी काम ठप रहेंगे।