पलामू/झारखंड:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पलामू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर शनिवार को अनमैप्ड (Unmapped) मतदाताओं की सूची का प्रकाशन किया गया। इसके साथ ही जिलेभर में विशेष मैपिंग अभियान की शुरुआत भी कर दी गयी।जिला प्रशासन द्वारा आम मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने साथ-साथ परिवारजनों एवं परिचितों का नाम भी उक्त सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम अनमैप्ड पाया जाता है, तो संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन एवं मैपिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
23 मई से अगले दो सप्ताह तक चलेगा अभियान
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह विशेष अभियान 23 मई 2026 से आगामी दो सप्ताह तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बीएलओ मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे तथा उनका संपर्क विवरण भी प्रदर्शित रहेगा।
“कोई भी मतदाता नहीं छूटेगा” अभियान का उद्देश्य
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी योग्य मतदाताओं का नाम सही मतदान केंद्र से मैप हो सके। प्रशासन ने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
उपायुक्त ने मतदाताओं से की सहयोग की अपील
पलामू के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि किसी मतदाता का नाम अनमैप्ड पाया जाता है, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सत्यापन एवं मैपिंग की प्रक्रिया पूरी कराएं।
उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।