तेनुघाट/बेरमो संवाददाता:
बेरमो अनुमंडल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बशिष्ट नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में सभी थाना प्रभारियों एवं इंस्पेक्टरों के साथ क्राइम मीटिंग की।
बैठक के दौरान पिछले माह की आपराधिक घटनाओं की गहन समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति तय की गई। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता महिला सुरक्षा, लापता व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी और आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करना है।
थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे गांवों में जाकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें। क्षेत्र में बढ़ रही चेन छिनैती की घटनाओं को लेकर एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि पुलिस अपराधियों के काफी करीब पहुंच चुकी है। गोमिया और आईईएल क्षेत्रों में हाल ही में हुई घटनाओं में केस दर्ज कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
बंद घरों में चोरी की घटनाओं पर उन्होंने बताया कि तेनुघाट और बीटीपीएस क्षेत्र के कुछ मामलों का जल्द खुलासा किया जाएगा। हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ गिरोहों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बैठक में लंबित मामलों के निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि अनुमंडल के विभिन्न थानों में हर माह औसतन 150 मामले दर्ज होते हैं, जिनमें महिला उत्पीड़न, हत्या, रंगदारी और लापता व्यक्तियों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से सुलझाने का निर्देश दिया गया है।
इस मौके पर गोमिया पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार, बेरमो सर्किल इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, बीटीपीएस थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, जरीडीह इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह, बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार, नावाडीह, दुग्धा, झरिया ओपी, गांधीनगर, रेहावन, ललपनिया, कसमार, पेटरवार, तेनुघाट ओपी, पेंक नारायणपुर, महिला थाना, आईएल, कथारा ओपी समेत कई थाना प्रभारियों की उपस्थिति रही।