नई दिल्ली:-राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की जान चली गई। यह घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार आग की शुरुआत इमारत के तीसरे तल पर लगे एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं तेजी से अन्य मंजिलों में फैल गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
बताया जा रहा है कि इमारत में कुल 8 फ्लैट थे, जिनमें कई परिवार रह रहे थे। इस हादसे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था नहीं थी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।