झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गोलगप्पा और चाट खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग की आशंका में एक मासूम की जान चली गई, जबकि 17 लोग बीमार हो गए। बीमारों में एक महिला और एक पुरुष को छोड़कर अधिकांश बच्चे शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
मृतक की पहचान बजटो गांव निवासी रिंकू देवी के छह वर्षीय पुत्र रंजन कुमार वर्मा के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन फूड प्वाइजनिंग की आशंका को देखते हुए उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम गांव में एक ठेला विक्रेता गोलगप्पा और चाट बेचने आया था। गांव के कई बच्चों और बड़ों ने उससे नाश्ता किया था। इसके कुछ घंटों बाद ही लोगों में तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण दिखने लगे। रविवार तक हालत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।