घाघरा (गुमला):
घाघरा थाना क्षेत्र के दोदांग गांव के एक टोली में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान सिकंदर उरांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।
परिजनों के अनुसार मंगलवार देर रात सिकंदर उरांव अपने कमरे में सोने के लिए गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद घर के अंदर से अजीब आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिजनों को शक हुआ। परिवार के लोगों ने दरवाजा खोलने की काफी कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका।
इसके बाद शक होने पर घर के एक छोटे बच्चे को खिड़की के रास्ते कमरे के अंदर भेजा गया। बच्चे ने अंदर से दरवाजा खोला, जिसके बाद परिजन कमरे में पहुंचे। कमरे के अंदर युवक छप्पर के अल्वेस्टर पाइप में रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।